सक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती की तीसरी कलेक्टर जयश्री जैन ने संभाला पदभार, पहले ही दिन कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहितैषी कार्यप्रणाली अपनाने के दिए निर्देश

जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर दिया जोर

सक्ती। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर जयश्री जैन ने सोमवार, 24 अगस्त को जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट जेठा पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। वे नवगठित सक्ती जिले की तीसरी कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देंगी।

पदभार संभालने के बाद कलेक्टर जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से सौजन्य भेंट कर परिचय प्राप्त किया। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन के निर्देशानुसार आमजन के हित से जुड़े कार्यों का त्वरित, पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा नागरिकों को अपने कार्यों के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर केएस पैकरा सहित कलेक्टर कार्यालय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवपदस्थ कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि जयश्री जैन इससे पहले वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थ थीं।

पहले दिन ही किया कलेक्ट्रेट की शाखाओं का निरीक्षण

पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यालयों और शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखाओं की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शाखा प्रभारियों को प्रशासनिक कार्यों के निर्वहन में दक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा प्रत्येक प्रकरण पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति रहेगी प्राथमिकता

कलेक्टर जयश्री जैन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति और निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगा। अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं और कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा जमीनी स्तर पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना और जरूरतमंद लोगों को शीघ्र राहत प्रदान करना जिला प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे।

टीम भावना और आपसी समन्वय से करें कार्य

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल से ही शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों से कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, कार्यालयीन अनुशासन का पालन करने और आम नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार रखने को कहा।

Related Articles

Back to top button