सक्ती जिला

राज्योत्सव 2025 की भव्य तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक, दिए सख्त निर्देश

सक्ती। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आगामी राज्य स्थापना दिवस समारोह 2025 (2 से 4 नवंबर) को भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बताया कि जिला मुख्यालय सक्ती में लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं।

कलेक्टर तोपनो ने कहा कि राज्योत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि राज्य की संस्कृति, विकास और उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत करने का अवसर है। यह आम जनता तक शासन की योजनाओं और सफलताओं को पहुँचाने का प्रभावी माध्यम भी है।

बैठक में कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था, स्टॉल आबंटन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों और उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सभी विभागों को अपने स्टॉलों को शिक्षाप्रद, आकर्षक और जनहितकारी स्वरूप में तैयार करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित हो सके। तीन दिवसीय राज्योत्सव में होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

बैठक में कलेक्टर ने तहसीलवार फार्मर रजिस्टी, विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि आदि विषयों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

इसके अलावा पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित समय-सीमा प्रकरणों, जनदर्शन और जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीएम सक्ती अरुण कुमार सोम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, जिला कोषालय अधिकारी उपेंद्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले, डिप्टी कलेक्टर सुश्री कावेरी मरकाम सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button