मालखरौदा इंडियन गैस एजेंसी पर मनमानी के आरोप, उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी

मालखरौदा/सक्ति। मालखरौदा स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए अव्यवस्था और मनमानी का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से लगभग 200 रुपये का पाइप खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पाइप नहीं लेने पर गैस सिलेंडर वितरण में टालमटोल की जाती है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

बताया जा रहा है कि सुबह 8 बजे से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी के बाहर लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच घंटों इंतजार करने के बावजूद लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि प्रभावशाली और परिचित लोगों को पीछे के रास्ते या प्राथमिकता के आधार पर पहले गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाते हैं, जबकि आम उपभोक्ताओं को लाइन में खड़ा रहना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी सवाल उठाया है कि गैस एजेंसी घनी आबादी वाले क्षेत्र में संचालित हो रही है, जिससे सुरक्षा संबंधी खतरे बने रहते हैं। लोगों का कहना है कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या गैस रिसाव की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में भी शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से संचालकों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उपभोक्ताओं ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ और कथित अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी, तो वे सक्ती कलेक्टर एवं जिला खाद्य अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग करेंगे।




