रिश्वत लेते पकड़े गए डभरा के बीएमओ डॉ. राजेंद्र पटेल निलंबित, शासन ने जारी किया आदेश

सक्ती। 31 अक्टूबर 2025 – डभरा विकासखंड के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. राजेंद्र कुमार पटेल पर रिश्वतखोरी के मामले में शासन ने कड़ी कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपित बीएमओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने डॉ. पटेल को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपने ही कार्यालय के एक कर्मचारी से यात्रा भुगतान की स्वीकृति के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी की कार्रवाई के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए शासन ने जांच पूर्ण होने तक डॉ. पटेल को निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
इस कार्रवाई को लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वहीं, आमजन ने शासन के इस कदम को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश बताया है।




