जिला पुलिस बल में आरक्षक भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में

17 से 19 नवम्बर तक रायगढ़ में होगा ट्रेड टेस्ट
सक्ती। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय द्वारा आरक्षक संवर्ग के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। वर्ष 2023-24 की इस भर्ती के तहत बिलासपुर रेंज केंद्र क्रमांक-02 रायगढ़ में आरक्षक (चालक) एवं आरक्षक (ट्रेडमेन) पदों के लिए ट्रेड टेस्ट परीक्षा आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा 17 से 19 नवम्बर 2025 तक पुलिस लाइन उर्दना, रायगढ़ में होगी। इसमें रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। पुलिस विभाग के अनुसार, परीक्षा में धोबी, टेंट खलासी, मोची, कुक, नाई और टेलर जैसे ट्रेडों के पदों के लिए परीक्षण किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर प्रातः 7 बजे पुलिस लाइन रायगढ़ में उपस्थित होना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए व्यापम द्वारा जारी एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा। भर्ती प्रक्रिया की निगरानी पुलिस अधीक्षक एवं अध्यक्ष, आरक्षक भर्ती केंद्र-02 रायगढ़ द्वारा की जा रही है। पुलिस विभाग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




