कृषि स्थायी समिति की जिला स्तरीय बैठक संपन्न, रबी फसल के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

सक्ती। जिला पंचायत सक्ती के सभाकक्ष में 28 नवंबर 2025 को कृषि स्थायी समिति की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति की सभापति विद्या सिदार ने की। बैठक में कृषि, मत्स्य, पशुधन, जल संसाधन, उद्यान, कृषि उपज मंडी, केंद्रीय सहकारी बैंक, भूमि संरक्षण, मार्कफेड सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में उप संचालक कृषि तरुण कुमार प्रधान ने रबी मौसम में आयोजित होने वाले फसल प्रदर्शन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके साथ ही उद्यान विभाग, कृषि उपज मंडी सक्ती, आमनदुला एवं जैजैपुर, जल संसाधन विभाग (मिनी माता संभाग क्रमांक 5), बीज निगम, विद्युत विभाग, पशुधन विभाग और भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं, प्रगति एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
सभापति विद्या सिदार ने बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें। साथ ही उन्होंने रबी फसल के लिए सिंचाई विभाग को पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और कृषि से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।




