सक्ती जिलासक्ती नगर

परशुराम सेवा समिति ने जरूरतमंद परिवारों को बाँटे कंबल, धर्म, सेवा और मानवीय संवेदना का अद्भुत उदाहरण

सक्ती। भीषण ठंड के बीच जरूरतमंद परिवारों की सहायता हेतु श्री परशुराम सेवा समिति द्वारा आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम रविवार को श्रद्धा, सेवा-भाव और सौहार्द के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भगवान श्री परशुराम जी के नाम पर आयोजित इस पुनीत कार्य में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सुबह निर्धारित समय पर भारतीय स्टेट बैंक मेन ब्रांच के पास स्थित नोटरी कार्यालय—पंडित मदन मोहन शर्मा के कार्यालय में एकत्र हुए।

यहाँ से सेवा दल ग्राम पनारी के लिए रवाना हुआ, जहाँ ठंड से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड के बीच गर्म कंबल पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और प्रसन्नता साफ झलक रही थी। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह कार्यक्रम समाज में मानवता, करुणा और सहयोग की भावना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रखा गया है।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि—

“मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। भगवान परशुराम जी की कृपा से हम समाज के उन लोगों तक राहत पहुँचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।” कार्यक्रम के दौरान समिति के प्रमुख सदस्यों पवन शर्मा, टीपी उपाध्याय, बृजेश शर्मा, चंद्रप्रकाश तिवारी, रविन्द्र मिश्रा, विनोद पांडेय, शैल कुमार पाण्डेय, सुमित शर्मा, अथर्व शर्मा की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी सदस्यों ने कंबल वितरण में सहयोग करते हुए सेवा-भाव प्रस्तुत किया।

इस सेवा अभियान को सफल बनाने में जुड़गा के युवा नेता कुलदीप जायसवाल का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। ग्रामीणों ने बताया कि समिति का यह कदम ठंड के इस कठिन समय में बेहद प्रभावी और मानवीय पहल है।

कार्यक्रम के अंत में सभी लाभार्थियों ने समिति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में आशा, विश्वास और मानवता को जीवित रखते हैं। समिति के सदस्यों ने भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक सेवा कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button