सक्ती जिला

सक्ती में हेलमेट–सीट बेल्ट को लेकर चलेगा विशेष जागरूकता अभियान, एसपी ने पेश किया पुलिस का वार्षिक प्रतिवेदन

सक्ती। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से सक्ती पुलिस द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह बात जिला पुलिस अधीक्षक आईपीएस प्रफुल्ल ठाकुर ने 8 जनवरी को पुलिस थाना परिसर सक्ती में आयोजित नव वर्ष मिलन एवं प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से कही।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसपी ठाकुर ने उपस्थित सभी पत्रकार साथियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सक्ती जिला नया जिला है, बावजूद इसके पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आम जनता एवं मीडिया का सहयोग अपेक्षित है।
एसपी ने बताया कि सक्ती शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका द्वारा कुछ कड़े और आवश्यक निर्णय लिए जाने की जरूरत है। विशेष रूप से झूलकदम रोड से अग्रसेन चौक एवं अग्रसेन चौक से निकलने वाले मार्गों की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि जिले में आवागमन का दबाव पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है, जिसे आने वाले दिनों में बेहतर प्रबंधन के माध्यम से सुधारा जाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने वर्ष 2025 के पुलिस कार्यों का वार्षिक प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में कुल 2437 अपराध दर्ज हुए, जिनमें से वर्ष के अंत तक मात्र 274 अपराध लंबित रहे, जो लगभग 11 प्रतिशत है। यह सक्ती पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। तैयार अभियोग पत्रों की लंबित संख्या भी लगभग 6 प्रतिशत ही रही।
उन्होंने बताया कि लूट, चोरी, नकबजनी, छल एवं धोखाधड़ी जैसे अपराधों में वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में उल्लेखनीय कमी आई है। पॉक्सो एक्ट के मामलों में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं अवैध शराब विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अधिक प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। जुए के मामलों में भी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, हाल ही में डभरा क्षेत्र में बड़ी जुए की फड़ पर छापा मारकर जुआरियों को पकड़ा गया।
इस अवसर पर मंच पर जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, सक्ती एसडीओ पुलिस भुनेश्वरी पैंकरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। नवपदस्थ एएसपी एवं एसडीओ पुलिस ने भी पत्रकारों से परिचय प्राप्त कर जिले में पुलिसिंग को और अधिक सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
पत्रकार वार्ता के उपरांत पुलिस प्रशासन द्वारा पत्रकारों के सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन भी किया गया, जिसके लिए पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button