सक्ती जिला : मल्दी के स्टाफ डैम निर्माण में भारी भ्रष्टाचार का आरोप, दलदली व कच्ची मिट्टी में डाला जा रहा बेस, शासन को करोड़ों का चूना!

सक्ती। जिले के ग्राम पंचायत नंदौर खुर्द, पारा मल्दी में निर्माणाधीन स्टाफ डैम में ठेकेदार द्वारा भारी भ्रष्टाचार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कच्ची, दलदली और कमजोर मिट्टी में ही स्टाफ डैम का बेस डाल दिया गया है, जो निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है और भविष्य में बड़े हादसे की आशंका को जन्म देता है।
ग्रामीणों के अनुसार संबंधित ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बार-बार आपत्ति और मना करने के बावजूद ठेकेदार मनमानी पर उतारू है। आरोप है कि इस घटिया निर्माण से शासन-प्रशासन को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जिस भूमि पर स्टाफ डैम का बेस तैयार किया जा रहा है, वह पूरी तरह दलदलयुक्त और कमजोर है। ऐसे स्थान पर बिना समुचित मिट्टी परीक्षण, सुदृढ़ीकरण और तकनीकी मानकों के निर्माण करना सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का प्रमाण है। ग्रामीणों द्वारा इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने लाया गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दलदली जमीन में ही डैम का बेस तैयार किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो यह स्टाफ डैम भविष्य में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं :-
अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या संज्ञान लेता है और कब तक कार्रवाई होती है।




