सक्ती में जुए के फड़ पर पुलिस का शिकंजा, अग्रसेन भवन के पास धड़ल्ले से चल रहा था काटपत्ती का खेल, पुलिस ने एक साथ 20 जुआरियों को दबोचा

सक्ती। शहर के बीचोंबीच जुए का खेल चल रहा था और जुआरी बेखौफ होकर अलग-अलग फड़ जमाकर लाखों रुपये के दांव लगा रहे थे। गुरुवार को सक्ती पुलिस ने अचानक दबिश देकर पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया। हटरी चौक स्थित अग्रसेन भवन के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक साथ 20 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान मौके से 2 लाख 22 हजार रुपये नकद, 19 मोबाइल फोन और 4 गड्डी ताश बरामद हुई। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 22 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना, फिर पुलिस की घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि अग्रसेन भवन के पास अलग-अलग फड़ लगाकर काटपत्ती जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना सक्ती पुलिस ने बिना देर किए टीम तैयार की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी।
पुलिस की आहट मिलते ही जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी इतनी मजबूत थी कि किसी को निकलने का मौका नहीं मिला। मौके पर मौजूद सभी 20 लोगों को पकड़ लिया गया।
फड़ से निकला नकदी का ढेर
तलाशी और जप्ती की कार्रवाई में पुलिस के हाथ 2,22,000 रुपये नकद लगे। इसके अलावा अलग-अलग कंपनियों के 19 मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये, तथा 52 पत्ती वाली 4 गड्डी ताश बरामद की गई।
इस तरह पुलिस ने कार्रवाई में करीब 7.22 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया।
20 जुआरियों पर कानूनी शिकंजा
पुलिस ने मामले में पकड़े गए सभी 20 आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रशेखर शर्मा, राजेश अग्रवाल, मनीष राठौर, रितेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल उर्फ कालू, सौरभ अग्रवाल, विपूल अग्रवाल, सावन कुमार अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, तरूण भिंडवानी, नितिन अग्रवाल, प्रियांशु अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, नटवर अग्रवाल, दिनेश कथुरिया, बंटी अग्रवाल, रितेश अग्रवाल और प्रताप अग्रवाल शामिल हैं।
एसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई
जिले में जुआ, सट्टा, नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने दिए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जुआ-सट्टा वालों को साफ संदेश
सक्ती पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अग्रसेन भवन के पास हुई इस कार्रवाई को पुलिस की सक्रियता और मुखबिर तंत्र की प्रभावी भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है।




