महाशिवरात्रि पर सक्ती में सजेगा आस्था का महासागर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को शिव बारात का न्योता

महाशिवरात्रि पर सक्ती में निकलेगी भव्य शिव बारात — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भाजपा पदाधिकारियों ने दिया आमंत्रण, आगमन का मिला आश्वासन
सक्ती। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सक्ती नगर में आयोजित होने वाली भव्य शिव बारात को ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में सक्ती के भाजपा पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी से सौजन्य भेंट कर उन्हें शिव बारात में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए आमंत्रण को दोनों नेताओं ने सहर्ष स्वीकार करते हुए सक्ती आगमन का आश्वासन दिया। इस दौरान सक्ती नगर में धार्मिक और उत्सवी माहौल को और अधिक भव्य बनाने पर भी चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में सक्ती नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, शिव बारात समिति अध्यक्ष एवं युवा मोर्चा जिलाउपाध्यक्ष चिराग अग्रवाल, जिला मंत्री भवानी तिवारी, सक्ती युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आलोक पटेल, सक्ती नगर मंडल मीडिया प्रभारी आदित्य अग्रवाल तथा ओपी चौधरी के समर्थक नरेश अग्रवाल प्रिंस विशेष रूप से उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष शिव बारात को आकर्षक झांकियों, भजन-कीर्तन और विशाल शोभायात्रा के रूप में निकाला जाएगा। दोनों नेताओं के संभावित आगमन से आयोजन को और भी गरिमा मिलने की संभावना है। नगरवासियों में भी इसको लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।




