सक्ती की ऐतिहासिक शिव बारात में भोलेनाथ के दिव्य स्वरूप में नजर आएंगे उमेश शर्मा (बंटी), श्रद्धालुओं में भारी उत्साह — दूर-दराज से उमड़ेगा आस्था का सैलाब

सक्ती। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सक्ती नगर में निकलने वाली भव्य शिव बारात में इस वर्ष भी नगर के उमेश शर्मा (बंटी महाराज) भगवान भोलेनाथ के अलौकिक स्वरूप में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। संगीता स्वीट्स, सक्ती के संचालक उमेश शर्मा अपने प्रभावशाली शिव श्रृंगार, गंभीर भाव-भंगिमा और सजीव प्रस्तुति के कारण वर्षों से भक्तों के बीच विशेष पहचान बना चुके हैं।
नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशेष रूप से उनके भोलेनाथ स्वरूप के दर्शन करने पहुंचते हैं। कई बार इस दिव्य रूप में उनकी प्रस्तुति को व्यापक सराहना और विशेष प्रसिद्धि मिल चुकी है। जब वे जटाजूट, भस्म, रुद्राक्ष, त्रिशूल और डमरू के साथ शिव बारात में शामिल होते हैं तो पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठता है।

उमेश शर्मा (बंटी महाराज) ने कहा कि “यह मेरे लिए सौभाग्य और भगवान शिव की कृपा है कि मुझे हर वर्ष भोलेनाथ का स्वरूप धारण कर शिव भक्तों की सेवा करने का अवसर मिलता है। मैं इसे अभिनय नहीं, बल्कि भक्ति और साधना मानता हूं। शिव बारात हमारे नगर की आस्था, एकता और संस्कृति का प्रतीक है। मैं सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शिव बारात को सफल और भव्य बनाएं।”

इस वर्ष भी उनके भोलेनाथ रूप को देखने के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है और शिव बारात में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।





