संजय कश्यप और सहयोगियों की पहल से किसानों व नगरवासियों को मिलेगा लाभ, मसनिया व रगजा क्षेत्र की नहर में जमा मलबे की कराई सफाई

सक्ती। नगर के वार्ड क्रमांक 10 क्षेत्र में मसानिया और रगजा ग्राम की ओर से आने वाली नहर लाइन में लंबे समय से काफी मात्रा में मलबा और गाद जमा हो गया था, जिससे पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा था। इस संबंध में संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन सफाई कार्य नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने स्वयं पहल करते हुए नहर की सफाई का बीड़ा उठाया। समाजसेवी संजय कश्यप, गोविंद देवांगन, मनोज सोनी और गोविंदा निराला ने आपसी सहयोग से जेसीबी मशीन के माध्यम से नहर की सफाई का कार्य शुरू कराया। चारों ने स्वयं उपस्थित रहकर और सहयोगियों के साथ मिलकर तन्मयता से सफाई कार्य कराया। नहर की सफाई से अब किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने की संभावना बढ़ गई है। साथ ही नहर का पानी गणेशबंध तालाब और दुकालसागर तालाब को भरने में भी मददगार होगा। इससे नगर के जलस्तर में सुधार आएगा और नगरवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नहर की सफाई से क्षेत्र के तालाब भरेंगे और भू-जल स्तर ऊपर उठेगा, जिससे किसानों के साथ-साथ पूरे नगर को इसका फायदा मिलेगा।




