बीज उत्पादन कार्यक्रम के लिए पंजीयन 19 से

सक्ती। खरीफ वर्ष 2026 में बीज उत्पादन कार्यक्रम अंतर्गत कृषकों के खेतों पर लिए जाने वाले उत्पादन कार्यक्रम के लिए फसल पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए सक्ती जिले के विभिन्न विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर पंजीयन कार्य आयोजित किया गया है। कृषि विभाग ने संबंधित कृषकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ फसल पंजीयन कराने की अपील की है। जारी कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड सक्ती में 19 जून, डभरा में 22 जून, जैजैपुर में 23 जून तथा मालखरौदा में 24 जून को फसल पंजीयन किया जाएगा। सभी स्थानों पर पंजीयन का समय
प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार फसल पंजीयन के लिए कृषकों को किसान आईडी (एग्रीस्टैक कोड), पासपोर्ट साइज का नवीन रंगीन फोटो, बी-1 एवं पटवारी द्वारा सत्यापित खसरा की प्रति, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चालू मोबाइल नंबर तथा बैंक पासबुक की स्पष्ट छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। साथ ही पंजीयन के समय कृषक की स्वयं उपस्थिति अनिवार्य होगी। विभाग द्वारा बताया गया है कि पंजीयन केवल बी-1 में दर्ज नंबरदार कृषक के नाम से ही किया जाएगा। यदि संबंधित भूमि में अन्य भागीदार हैं तो नंबरदार के पक्ष में उनका सहमति पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा, ताकि बीज उपार्जन के समय किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। कृषकों को शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप में 10 रुपये अथवा उससे अधिक मूल्य के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर शपथ-पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसमें यह घोषणा करनी होगी कि बीज निगम में पंजीकृत रकबे से उत्पादित बीज का विक्रय सहकारी समिति में नहीं किया जाएगा। कृषि विभाग ने सभी पात्र कृषकों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर समय पर फसल पंजीयन कराने का आग्रह किया है, ताकि बीज उत्पादन कार्यक्रम का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके और कृषकों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।




