Uncategorized

सक्ती में ‘राष्ट्र माता’ के दर्जे की मांग को लेकर निर्णायक हुंकार: 27 अप्रैल को निकलेगी आस्था और जनसमर्थन की भव्य शोभायात्रा, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा जाएगा हजारों हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन

सक्ती। गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने, उन्हें राष्ट्र धरोहर के रूप में सम्मानित करने तथा गौ सेवा के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग अब सक्ती में जनआंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है। इसी कड़ी में 27 अप्रैल को नगर में भव्य शोभायात्रा एवं ज्ञापन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसकी रूपरेखा नगर पालिका परिषद के सभागृह में आयोजित बैठक में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल एवं गौ सेवक मयंक ठाकुर ने प्रस्तुत की।

बैठक में बताया गया कि यह अभियान देशव्यापी स्तर पर संचालित किया जा रहा है, जिसमें 5000 से अधिक तहसीलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार तक जनभावनाएं पहुंचाई जाएंगी। सक्ती में कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से होगी, जहां से आस्था, श्रद्धा और उत्साह से भरी विशाल शोभायात्रा निकलेगी। यह यात्रा महामाया मंदिर होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर तहसील कार्यालय पहुंचेगी।

तहसील कार्यालय में सुबह 11 बजे तहसीलदार के माध्यम से भारत के माननीय प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन की विशेषता यह होगी कि इसमें हजारों गौ भक्तों के हस्ताक्षर संलग्न रहेंगे, जो इस मांग के प्रति व्यापक जनसमर्थन का स्पष्ट संकेत देंगे।

आयोजन समिति ने जिले के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, संत-महात्माओं एवं कथा वाचकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाएं। आयोजकों का कहना है कि यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का व्यापक अभियान है।

नगर पालिका अध्यक्ष एवं गौ सेवा समिति के संरक्षक श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि गौ माता के सम्मान के लिए अब समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा। यह अभियान हमारी आस्था के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है।

वहीं सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि गौ माता भारतीय जीवन का अभिन्न अंग हैं। उनका संरक्षण, संवर्धन और सम्मान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

अभियान के तहत गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ सेवा के लिए ठोस कानून तथा गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की प्रमुख मांगें उठाई जाएंगी। आयोजकों के अनुसार यह अभियान एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगभग एक वर्ष तक चरणबद्ध तरीके से देशभर में जनजागरण के रूप में जारी रहेगा।

सक्ती जिले में भी घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें भीषण गर्मी के बावजूद गौ भक्तों का उत्साह और सहभागिता लगातार बढ़ रही है। आयोजन समिति का कहना है कि यह पहल अब जनभावनाओं का सशक्त स्वर बन चुकी है और व्यापक जनसमर्थन से ही इसे ऐतिहासिक सफलता मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button