RKM प्लांट में तोड़फोड़ और लूट मामले में 3 साल से फरार 2 आरोपी गिरफ्तार, फगुरम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

फगुरम। लगभग तीन वर्ष पुराने चर्चित RKM प्लांट तोड़फोड़ और लूटकांड मामले में चौकी फगुरम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2023 में हुए इस सनसनीखेज घटनाक्रम में शामिल दो नामजद फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में ग्राम अण्डा के एक ड्राइवर की RKM प्लांट के कोलयार्ड में मृत्यु हो गई थी। घटना से आक्रोशित ग्राम अण्डा, सारसकेला एवं धिंवरा के लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्लांट परिसर में जमकर हंगामा किया था। इस दौरान भीड़ ने प्लांट में तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि लाठी, डंडे और लोहे के रॉड से हमला कर कर्मचारियों से सोने-चांदी की चैन, मोबाइल, पर्स, घड़ी और नगदी रकम भी लूट ली गई थी।
मामले में चौकी फगुरम द्वारा अपराध क्रमांक 206/2023 के तहत धारा 147, 148, 149, 294, 506, 341, 427, 395 एवं 365 भादवि के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था। पूर्व में इस मामले में 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों को उनके गांव में दबिश देकर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में
कमल प्रसाद जाटवर (उम्र 37 वर्ष)
चन्द्रहास उर्फ चन्द्रहंस सोनवानी (उम्र 25 वर्ष)
शामिल हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक हीराराम सांवरा, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण राठौर, अश्विनी सिदार, टीकम सिंह साव, आरक्षक अनिल रात्रे एवं आरक्षक अविनाश देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




