सक्ती जिला

40 हजार की चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 3 महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार आरोपी

जैजैपुर। धान बिक्री की राशि चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को जैजैपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था, जिसकी तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी।


पुलिस के अनुसार ग्राम ओडेकेरा निवासी बुध्देश्वर प्रसाद देवांगन 18 फरवरी 2026 को सहकारी बैंक जैजैपुर से धान बिक्री की रकम 40 हजार रुपए निकालकर घर लौट रहे थे। इस दौरान भगतराम फ्यूल्स पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाते समय बाइक के हैंडल में टंगे बैग से अज्ञात व्यक्ति नकदी और बैंक पासबुक लेकर फरार हो गया था।


प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले आरोपी दीपक प्रधान और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ में घटना में लक्ष्मण गोंड उर्फ विजय की संलिप्तता सामने आई थी। साथ ही चोरी की रकम में से 30 हजार रुपए और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई थी।
मुख्य आरोपी लक्ष्मण गोंड उर्फ विजय घटना के बाद से फरार था। मुखबिर से सूचना मिलने पर जैजैपुर पुलिस की टीम ने महासमुंद में जिला जेल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह चंद्रा, सहायक उपनिरीक्षक लालाराम खूंटे, आरक्षक रतन विश्वकर्मा एवं महेंद्र कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button