खरसिया में सनसनीखेज हत्या: परिवार के चार सदस्य मिले मृत

खाद के गड्ढे से बरामद हुई लाशें, पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल
संवाददाता, खरसिया।
खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम ठुसेकेला, राजीव नगर मोहल्ले में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। गांव के बुधराम उरांव, उनकी पत्नी सहोदरा उरांव, 12 वर्षीय बेटा अरविंद और 3 वर्षीय बेटी शिवांगी की लाशें उनके ही घर के बाड़ी में बने खाद के गड्ढे से बरामद की गईं। घटना से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
परिवार के सदस्य बीते दो दिनों से लापता थे। सुबह घर से दुर्गंध आने और दरवाजा लंबे समय तक बंद रहने पर ग्रामीणों को शक हुआ। जब उन्होंने घर के पीछे से झांक कर देखा, तो अंदर खून के धब्बे और खुदी हुई जमीन दिखाई दी। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने गड्ढे की खुदाई कर शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने पूरे घर और बाड़ी को सील कर दिया है। रायगढ़ से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल भी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से चर्चा की।
मृतक की बड़ी बेटी शिवानी (15 वर्ष) घर से बाहर पढ़ाई कर रही है और सुरक्षित बताई गई है। परिवार के बाकी चार सदस्यों की निर्मम हत्या से ग्रामीण स्तब्ध हैं।
मृतक के परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद यदि जांच में देरी हुई तो आक्रोश और बढ़ेगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हत्या के पीछे का राज उजागर किया जाएगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाएगी।
इस हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है, जिससे गांव में दहशत और अविश्वास का माहौल है।




