भारतीय स्टेट बैंक एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स सक्ती ईकाई के संयुक्त प्रयास से ₹10 के सिक्कों का वितरण

सक्ती। भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से एवं छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ईकाई सक्ती द्वारा शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित कर व्यापारियों एवं आम नागरिकों को ₹10 के सिक्कों का वितरण किया गया। हाल के दिनों में खुले पैसों की कमी से बाजार में छोटे लेन-देन में समस्या आ रही थी, ऐसे में इस पहल को व्यापारियों और ग्राहकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, भारतीय स्टेट बैंक के प्रमुख रॉकी अग्रवाल, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल, मनीष कथूरिया, सक्ती ईकाई अध्यक्ष मुकेश बंसल, पवन सराफ, कैलाश खेतान, अतिश अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल, सुनील कृपलानी, गजेंद्र डालमिया, राकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं व्यापारी मौजूद रहे।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि सिक्कों का वितरण नियमित अंतराल पर किया जाएगा ताकि बाजार में लेन-देन की दिक्कतें दूर हो सकें। वहीं चैंबर ऑफ कॉमर्स पदाधिकारियों ने कहा कि इस पहल से न केवल व्यापारियों को सुविधा होगी, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स सक्ती ईकाई अध्यक्ष मुकेश बंसल ने कहा कि – “₹10 के सिक्कों की उपलब्धता से छोटे लेन-देन में आ रही परेशानी दूर होगी। व्यापारियों को अब ग्राहकों को छुट्टा देने में समस्या नहीं होगी और बाजार का आर्थिक प्रवाह सुचारू रहेगा। बैंक एवं चैंबर के संयुक्त प्रयास से यह पहल सफल रही है और भविष्य में भी इसी तरह सहयोग जारी रहेगा।”
व्यापारी वर्ग ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से ₹10 के सिक्कों की मांग की जा रही थी। अब उनके उपलब्ध होने से ग्राहकों को छुट्टे पैसों की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और बाजार में लेन-देन सुचारू रूप से संचालित होगा।




