झाड़ू थामकर मातृ शक्ति ने दिया स्वच्छता का संदेश, अखरभाठा गार्डन में चलाया श्रमदान अभियान

सक्ती। स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। इसी सोच को साकार करते हुए स्थानीय श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार की मातृ शक्ति (महिला मंडल) ने अखरभाठा स्थित सार्वजनिक गार्डन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। गार्डन में फैली गंदगी और सूखे पत्तों को देखकर मातृ शक्ति की महिलाओं ने स्वयं झाड़ू उठाई और पूरे परिसर की साफ-सफाई में जुट गईं। महिलाओं ने गार्डन के कोने-कोने में फैले कचरे, प्लास्टिक एवं सूखे पत्तों को एकत्र कर उसका उचित निपटारा किया। उनके इस सेवा भाव और समर्पण की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
“सार्वजनिक स्थल भी हमारी जिम्मेदारी” :-
मंदिर परिवार की मातृ शक्ति ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल मंदिर परिसर को स्वच्छ रखना नहीं, बल्कि नगर के सार्वजनिक स्थलों को भी साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखना है। अखरभाठा गार्डन नगर की धरोहर है और इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगरवासियों से किया सहयोग का आह्वान :-
अभियान के दौरान महिलाओं ने नगर की अन्य मातृ शक्तियों और नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासन के भरोसे रहने के बजाय प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास के पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के लिए आगे आना चाहिए। साथ ही कचरा हमेशा डस्टबिन में डालने और आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने का संकल्प लेने का संदेश भी दिया। श्रमदान अभियान में सुनीता तम्बोली, पुष्पा निर्मलकर, एकल देवांगन, शांति थवाईत, चंदनी देवांगन, सीता तम्बोली, सीता शर्मा, गुनगुन देवांगन, कोंडके मौर्य, अमित तम्बोली, संजय तम्बोली, श्रीकांत शर्मा, गौरव यादव, पप्पू खर्रा, पप्पू गौ सेवक सहित अनेक श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर परिवार की इस पहल की नगर में सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह समाज की मातृ शक्ति आगे आकर स्वच्छता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भागीदारी निभाए, तो स्वच्छ और सुंदर नगर का सपना साकार हो सकता है।




