सक्ती – पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति पर छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

अरुण निराला संवाददाता, सक्ती। शहर के शासकीय कन्या महाविद्यालय में दिनांक 14 अक्टूबर को अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, सक्ती शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण जैसे समसामयिक विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता एवं भारतीय संस्कृति पर पड़ रहे पश्चिमी प्रभाव विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व शाखा अध्यक्ष श्रीमती सुमन अग्रवाल ने किया। प्रतियोगिता में चित्रकला के क्षेत्र में 80 छात्राओं तथा निबंध लेखन में 60 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को चार समूहों में विभाजित कर प्रतियोगिता कराई गई। कार्यक्रम के अंत में सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती सुमन अग्रवाल ने कहा कि— “ऐसी प्रतियोगिताएँ न केवल छात्राओं की रचनात्मकता को बढ़ाती हैं, बल्कि उन्हें समाज और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील भी बनाती हैं।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती लकरा, शिक्षकों तथा विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के दौरान पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती उषा अग्रवाल, श्रीमती संगीता केडिया, श्रीमती राखी अग्रवाल, श्रीमती अलका अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।





