भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए आगे आया अग्रवाल समाज, 500 सिकोरे बांटकर दिया जीव सेवा का प्रेरणादायी संदेश, “हर आंगन में पानी का एक पात्र, यही जीवों के प्रति सच्ची मानवता”

सक्ती। भीषण गर्मी में जहां इंसान गर्म हवाओं से बेहाल हैं, वहीं बेजुबान पक्षियों के सामने पानी की बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है। ऐसे कठिन समय में अग्रवाल सभा एवं अग्रवाल युवा मंडल सक्ती ने संवेदनशीलता और जीव सेवा की मिसाल पेश करते हुए पक्षियों के लिए पानी एवं दाना रखने हेतु 500 सिकोरे वितरित किए। नगर के अग्रसेन चौक में आयोजित यह अभियान लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सिकोरे बांटना नहीं, बल्कि समाज में जीवों के प्रति दया, करुणा और संवेदनशीलता का भाव जागृत करना था। आयोजन के दौरान लोगों से अपने घरों, दुकानों और छतों पर पक्षियों के लिए पानी एवं दाना रखने की अपील की गई। अग्रवाल सभा के कार्यकारी अध्यक्ष मनीष कथूरिया ने कहा कि मानवता केवल इंसानों की सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि बेजुबान जीवों की रक्षा और उनकी चिंता करना भी हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। छोटी-छोटी पहल समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर के बाहर एक पात्र पानी रख दे, तो हजारों पक्षियों की प्यास बुझ सकती है। कार्यक्रम संयोजक सुधीर सराफ ने कहा कि आज के दौर में प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण और जीवों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

“पक्षियों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा” — अभिषेक अग्रवाल :-
अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी नहीं मिल पाता, जिससे उनकी जान तक चली जाती है। ऐसे में समाज का दायित्व है कि वह उनके लिए पानी और दाने की व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि पक्षियों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है और हर व्यक्ति को इस पुण्य कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए।
“हर घर में एक सिकोरा जरूर रखें” — सुमित सराफ :-
युवा मंडल के सचिव सुमित सराफ ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजागरूकता का प्रयास है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर घर में एक सिकोरा जरूर रखें ताकि बेजुबान पक्षियों को जीवनदान मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज की संवेदनशीलता ही उसकी सबसे बड़ी पहचान होती है। कार्यक्रम में राजकुमार अग्रवाल (राजू), सह सचिव गजेंद्र डालमिया, राहुल अग्रवाल मीडिया प्रभारी सहित अग्रवाल समाज एवं युवा मंडल के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस प्रेरणादायी पहल की नगरवासियों ने जमकर सराहना की।




