आधी रात गोलियों की गूंज से दहला सक्ती: करही गांव में घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, रेत-सीमेंट कारोबारी के बेटे की हत्या—छोटा भाई जिंदगी की जंग लड़ रहा

सक्ती। जिले के करही गांव में गुरुवार देर रात लगभग 12 बजे हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने रेत-सीमेंट कारोबारी के घर में घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं, जिसमें बड़े बेटे आयुष कश्यप (19 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई आयुष कश्यप (16 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घर के अंदर बना खून का मंजर
मिली जानकारी के अनुसार, करही निवासी समेमलाल कश्यप का परिवार रात में घर पर मौजूद था। उसी दौरान उनका बड़ा बेटा आयुष जांजगीर से काम निपटाकर लौटा था।
कुछ ही देर बाद तीन नकाबपोश बदमाश सीधे घर में घुस आए और आयुष के कमरे में पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली सिर और सीने में लगने से आयुष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे घर के अंदर ही चीख-पुकार मच गई।
भाई को बचाने दौड़ा तो उसे भी मारी गोली
फायरिंग की आवाज सुनकर जब छोटा भाई आयुष (16 वर्ष) कमरे की ओर दौड़ा, तो बदमाशों ने उसे भी निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
रेत कारोबार की रंजिश बनी खून की वजह!
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला रेत कारोबार से जुड़ी रंजिश का है। करही गांव के पास महानदी से रेत उत्खनन होता है, जिसमें मृतक आयुष भी सक्रिय था। बताया जा रहा है कि हाल ही में उसने रेत परिवहन के लिए ट्रैक्टर और नई मशीनें खरीदी थीं, जिससे प्रतिस्पर्धा और विवाद बढ़ गया था।
छात्र है घायल छोटा भाई
घायल छोटा भाई कक्षा 10वीं का छात्र है, जो इस हमले के बाद जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
परिवार की राजनीतिक पहचान
मृतक के पिता समेमलाल कश्यप स्थानीय स्तर पर चर्चित नाम हैं। वे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व बीडीसी सदस्य रह चुके हैं, जिससे इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
गांव में दहशत, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद पूरे करही गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है, संदिग्धों की धरपकड़ के लिए दबिश जारी है, आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। आधी रात घर में घुसकर की गई इस वारदात ने सक्ती जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेत कारोबार में बढ़ती आपराधिक गतिविधियां अब जानलेवा रूप लेने लगी हैं।




