चक्का जाम के दौरान पुलिस पर हमला, हत्या के प्रयास के दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर शासकीय कार्य में डाली बाधा, पहले 13 आरोपी जा चुके हैं जेल
सक्ती/फगुरम। फगुरम मेन रोड में सड़क हादसे के बाद हुए चक्का जाम और पुलिस पर हमले के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने तथा हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को ग्राम फगुरम मेन रोड पर हुंडई क्रेटा वाहन क्रमांक CG 11 BD 8433 के चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए 9 वर्षीय रिद्धिमा निराला को टक्कर मार दी गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
सूचना मिलने पर चौकी फगुरम पुलिस, अन्य जिलों से आए पुलिस बल तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि भीड़ उग्र हो गई और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम पर लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में 13वीं बटालियन मड़वारानी कोरबा के आरक्षक राजेश कुजुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया।
मामले में चौकी फगुरम थाना डभरा में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पूर्व में 13 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली एवं फगुरम पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपी प्रकाश कुमार जोशी उर्फ चोटी (32 वर्ष) एवं भरत लाल जोल्हे (32 वर्ष), निवासी ग्राम फगुरम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




