सोंठी धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, किसानों को ना हो किसी प्रकार की दिक्कत – विद्या सिदार

सक्ती। सेवा सहकारी समिति के सोंठी धान खरीदी केंद्र में जिला पंचायत सभापति एवं भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार और भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल के मुख्य आतिथ्य में धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर किसानों की सुविधा और अव्यवस्था से बचाव के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सोंठी धान खरीदी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति श्रीमती विद्या सिदार ने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों से किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल ने भी अपने उद्बोधन में किसानों के हित और उनके लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से किसान समाज में आत्मनिर्भर और सशक्त बनता है।
इस अवसर पर शैलेन्द्र तिवारी, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, ने किसानों से विशेष अपील की कि वे धान खरीदी केंद्र पर केवल टोकन के माध्यम से आएँ, ताकि लंबी कतारों और अव्यवस्था से बचा जा सके। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया को सरल, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के निर्देश समिति कर्मचारियों को दिए। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष छत राम साहू, सत्यप्रकाश महंत, अशोक यादव, संस्था प्रबंधक हुलेश्वर राठौर, खरीदी प्रभारी हरिशंकर चंद्रा, रामेश्वर गवेल, सरपंच टेमर चंद्र प्रकाश सोनी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी किसानों ने इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।कार्यक्रम में अधिकारियों और समिति सदस्यों ने भी धान की गुणवत्ता, वजन और भुगतान प्रक्रिया पर किसानों को विस्तृत जानकारी दी, जिससे किसानों को पूरी प्रक्रिया समझ में आई और विश्वास बना। धान खरीदी केंद्र पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय सहायक कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।



