प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर भाजपा ने की विशेष महाआरती, हनुमान चालीसा पाठ

सक्ती। देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का नया इतिहास रचने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला सक्ती द्वारा बुधवार को नगर के श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद Kamlesh Jangde तथा भाजपा जिला अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन तथा राष्ट्र की निरंतर प्रगति एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 10 जून 2026 को अपने कार्यकाल के 4399 दिन पूर्ण करते हुए लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया गया।
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, गरीब कल्याण तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने राष्ट्र की समृद्धि, विकास और जनकल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सहभागिता का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि संजय रामचंद्र, जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रेम पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष भारत यादव, जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक लाखन नामदेव सहित परमेश्वर साहू, आदित्य अग्रवाल, भुवन सोनी, पिंटू सिंघल, जगत शर्मा, मनोज सिसोदिया, संजय अग्रवाल, ललिता साहू, मोहन साहू तथा भाजपा, युवा मोर्चा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




