सक्ती जिला

संलग्न लिपिक को मूल विभाग भेजने की मांग

सक्ती। तहसीलदार कार्यालय भोथिया में संलग्न एक लिपिक को तत्काल मूल शाखा शिक्षा विभाग में वापस भेजने की मांग को लेकर ग्राम सिरली के दो ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदक तुलेश्वर प्रसाद पाण्डेय एवं दुर्गा प्रसाद पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अकलसरा, विकासखंड जैजैपुर में मूल रूप से पदस्थ लिपिक प्रफुल्ल कुमार गायकवाड वर्तमान में तहसीलदार कार्यालय भोथिया में संलग्न हैं तथा उनके विरुद्ध अनियमितता से संबंधित शिकायत पूर्व में सुशासन तिहार शिविर रायपुरा में की जा चुकी है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उक्त शिकायत के आधार पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी जैजैपुर द्वारा 13 मई को संबंधित लिपिक को तहसीलदार कार्यालय भोथिया से कार्यमुक्त कर मूल पदस्थापना स्थल भेजने के लिए पत्र जारी किया गया था। इसके बावजूद आज तक संबंधित कर्मचारी को मूल शाखा में नहीं भेजा गया है। आवेदकों का आरोप है कि संबंधित लिपिक के कारण तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है तथा जनाक्रोश की स्थिति निर्मित हो सकती है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लिपिक को तत्काल उनकी मूल शाला में भेजा जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था पर आमजन का विश्वास बना रहे। आवेदन के साथ सुशासन तिहार में दिए गए शिकायत पत्र की छायाप्रति तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी जैजैपुर द्वारा जारी कार्रवाई संबंधी पत्र की प्रतिलिपि भी संलग्न की गई है।

Related Articles

Back to top button