संस्कार स्कूल के बाहर यातायात पुलिस की सघन जांच, दोपहिया चलाते कई नाबालिग छात्र पकड़े गए

सक्ती। जिले में नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाकर स्कूल आने-जाने की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में एएसआई सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने सोमवार को संस्कार पब्लिक स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल परिसर के बाहर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई नाबालिग छात्र दोपहिया वाहन चलाते हुए पाए गए। यातायात प्रभारी वाय.एन. शर्मा ने मौके पर स्कूल प्रबंधन को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया। इस पर स्कूल प्रबंधक ने बताया कि विद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों के वाहनों को स्कूल परिसर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाती है, लेकिन कई अभिभावक स्वयं अपने नाबालिग बच्चों को वाहन उपलब्ध करा रहे हैं।
प्रबंधक ने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने की स्थिति में संबंधित छात्र एवं उनके पालक ही जिम्मेदार होंगे। वहीं यातायात प्रभारी वाय.एन. शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें, क्योंकि इससे बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न स्कूलों के आसपास इस प्रकार की जांच एवं जागरूकता अभियान प्रतिदिन जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन मालिकों एवं पालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिगों को वाहन देना पड़ सकता है भारी :-
यातायात पुलिस ने अभिभावकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देने पर वाहन मालिक एवं पालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। इसलिए बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वाहन चलाने से रोकना सभी की जिम्मेदारी है।




