सक्ती जिला

केसला में अवैध भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3.87 टन यूरिया जब्त

सक्ती। जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि तरुण कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त शिकायत के आधार पर विकासखंड सक्ती के ग्राम केसला में जिला एवं विकासखंड स्तरीय निगरानी दल ने संयुक्त निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक निजी भवन में बड़ी मात्रा में उर्वरक भंडारित पाया गया। पड़ताल में यह उर्वरक मेसर्स मयंक ट्रेडर्स की संचालक श्रीमती उमा राठौर द्वारा भंडारित कराया जाना पाया गया।


निरीक्षण के दौरान फर्म प्रतिनिधि की उपस्थिति में 3.87 टन (86 बोरी) यूरिया उर्वरक जब्त किया गया तथा तत्काल प्रभाव से इसके विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए सामग्री को सुपुर्दगी में रखा गया।


कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। अब तक सक्ती, डभरा और जैजैपुर विकासखंडों में कुल 7 प्रकरणों में कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना है।


विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों के भंडारण, परिवहन और वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं अधिक मूल्य वसूली, कालाबाजारी या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम कृषि विभाग कार्यालय को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button