सीएम हेल्पलाइन 1076 से अब सीधे शासन तक पहुंचेगी आमजन की आवाज, शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

24×7 संचालित होगी शिकायत प्रबंधन प्रणाली, टोल फ्री नंबर 1076 पर निःशुल्क दर्ज होंगी शिकायतें
सक्ती, 21 मई 2026। आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू की जा रही सीएम हेल्पलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली को लेकर जिला मुख्यालय में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में जिला कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 की कार्यप्रणाली एवं शिकायत निवारण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिकायत निवारण व्यवस्था को मिलेगा नया स्वरूप
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन 1076 शासन और आम जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम बनेगी। इसके जरिए नागरिक किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
राज्य स्तर से नामित प्रशिक्षण दल प्रमुख आर.के. शर्मा ने अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रणाली 24×7 संचालित होगी तथा इसके लिए कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाएगी। नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 पर किसी भी समय निःशुल्क कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप जैसे डिजिटल माध्यमों से भी शिकायतें दर्ज की जा सकेंगी।
हर शिकायत को मिलेगा 12 अंकों का यूनिक टोकन नंबर
प्रशिक्षण के दौरान सुशासन एवं अभिसरण विभाग के आईटी मैनेजर सौरभ श्रीकांत ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन प्रणाली पांच प्रमुख आधारों पर कार्य करेगी, जिसमें शिकायत ट्रैकिंग, समयबद्ध निवारण, नागरिक फीडबैक, पारदर्शिता एवं जवाबदेही तथा प्रभावी निगरानी शामिल है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शिकायत दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता को 12 अंकों का विशिष्ट टोकन नंबर प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से वह अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेगा।
एल-1 से एल-4 तक तय होगी जवाबदेही
अधिकारियों को प्रशिक्षण में शिकायत निवारण की श्रेणियों एल-1, एल-2, एल-3 एवं एल-4 की विस्तृत जानकारी भी दी गई। बताया गया कि विभागवार अधिकारियों की मैपिंग की गई है ताकि शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
प्रणाली के अनुसार शिकायत सबसे पहले संबंधित विभाग के लेवल-1 अधिकारी को भेजी जाएगी। यदि निर्धारित समय सीमा में शिकायत का समाधान नहीं होता है तो वह स्वतः अगले उच्च स्तर पर एस्केलेट हो जाएगी। इससे जवाबदेही तय होने के साथ शिकायतों के लंबित रहने की संभावना भी कम होगी।
अधिकारियों को दी गई ऑनलाइन संचालन की जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से लॉगिन प्रक्रिया, प्रोफाइल अपडेट, डैशबोर्ड संचालन, लंबित शिकायतों की समीक्षा, समाधान विकल्प चयन तथा प्रतिवेदन अपलोड करने जैसी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान बताया गया कि वर्तमान में देश के 14 राज्यों में एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली संचालित है तथा छत्तीसगढ़ 15वां राज्य होगा, जहां सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की जाएगी।
जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी हुए शामिल
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ की उपस्थिति में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि विकासखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअली शामिल हुए।




