कोरबा के जंगल से फिर पहुँचा हाथियों का दल, सलिहाभांठा में दहशत; वन विभाग व पुलिस अलर्ट पर

सक्ति| 21 नवंबर, 2025
कोरबा जिले के जंगल की ओर से एक बार फिर 7 से 8 हाथियों का झुंड सलिहाभांठा गांव में पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। देर रात हाथियों की आमद की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।
टीम द्वारा ग्रामीणों को घरों में सुरक्षित रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। गांव के कुछ इलाकों में सुरक्षा की दृष्टि से पेट्रोलिंग भी बढ़ाई गई है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी हुई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दल को जंगल की ओर मोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसी प्रकार की क्षति की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से जुड़े किसी भी मूवमेंट की तुरंत जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
हाथियों की बार-बार आमद से गांव में दहशत, प्रशासन अलर्ट मोड पर—स्थिति पर सतत निगरानी।




