कुटराबोड़ (जैजैपुर) में तीन दिवसीय संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह 16 से 18 जनवरी तक

सक्ती। ग्राम कुटराबोड़ (जैजैपुर), जिला सक्ती में संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर तीन दिवसीय भव्य धार्मिक-सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 16 जनवरी 2026 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें सतनाम समाज सहित आसपास के ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 16 जनवरी (शुक्रवार) को कलश स्थापना एवं मंगल भजन के साथ होगा। इसी दिन रात्रि 8 बजे से बच्चों द्वारा पंथी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
17 जनवरी (शनिवार) को दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक मंगल भजन का आयोजन किया जाएगा, वहीं रात्रि 8 बजे से हीराशर बजारे एवं पैरी झांझर लोक कला मंच (सुर संगम) का रंगारंग कार्यक्रम होगा।
18 जनवरी (रविवार) को दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा निकाली जाएगी, शाम 6 बजे झंडा चढ़ाना तथा रात्रि 8 बजे से प्रसिद्ध कलाकार मीना महंत द्वारा सुधा स्वर संगम का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोजन समिति द्वारा क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे परिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा गुरु घासीदास जी के संदेश “मनखे-मनखे एक समान” को आत्मसात करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं। समारोह को लेकर ग्राम कुटराबोड़ सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।



