सक्ती जिला

नितिन नबीन का नेतृत्व भाजपा कार्यकर्ताओं में भरेगा नई ऊर्जा : टिकेश्वर सिंह ग़बेल

सक्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन के सर्वसम्मति से चयन पर भाजपा सक्ती जिलाध्यक्ष श्री टिकेश्वर सिंह ग़बेल ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा जताई कि श्री नबीन के नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी।


जिलाध्यक्ष श्री ग़बेल ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ की सक्रिय सहभागिता केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पार्टी की अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। यह प्रक्रिया दर्शाती है कि भाजपा आंतरिक लोकतंत्र और सामूहिक निर्णय प्रणाली में गहरी आस्था रखती है।


उन्होंने कहा कि एक युवा, ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता के रूप में श्री नितिन नबीन का नेतृत्व पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और भाजपा के आदर्शों को और अधिक ऊँचाई प्रदान करेगा। छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी एवं प्रभारी रहते हुए उनके मार्गदर्शन में पिछले विधानसभा चुनावों से लेकर निकाय एवं पंचायत चुनावों में भाजपा का शानदार प्रदर्शन पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि रहा है।


जिलाध्यक्ष श्री टिकेश्वर सिंह ग़बेल ने श्री नबीन को असाधारण संगठन क्षमता और ऊर्जा से भरपूर व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चयन यह संकेत देता है कि भाजपा आने वाले समय में युवाओं के नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है। यह समूची प्रक्रिया लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न हुई है, जो निश्चय ही पार्टी के भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button