गोरखापाली घटना पर भाजपा ने जताई गहरी चिंता, कोटवार रथराम सिदार की मौत पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संयोगिता जूदेव ने परिवार से की बातचीत, न्याय व आर्थिक सहायता दिलाने का दिलाया भरोसा

सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोरखापाली में होली के दिन हुई हिंसक घटना और कोटवार रथराम सिदार की इलाज के दौरान हुई मौत को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतक की पत्नी से दूरभाष के माध्यम से बातचीत कर परिवार को ढांढस बंधाया और घटना को बेहद निंदनीय बताया। श्रीमती जूदेव ने कहा कि होली जैसे सामाजिक सौहार्द के पर्व पर इस प्रकार की हिंसक घटना होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्रीमती जूदेव ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। भाजपा ने इस दुखद घटना को गंभीर बताते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।




