CBSE 12वीं रिजल्ट में जिंदल वर्ल्ड स्कूल का दबदबा: सक्ती जिले के टॉप-10 में 9 विद्यार्थियों ने बनाई जगह

सक्ती। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में जिंदल वर्ल्ड स्कूल ने शानदार सफलता हासिल करते हुए जिले में अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक पहचान को एक बार फिर साबित किया है। इस वर्ष सक्ती जिले की टॉप-10 मेरिट सूची में जिंदल वर्ल्ड स्कूल के 9 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है, जो जिले के शिक्षा जगत में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने न केवल उत्कृष्ट अंक अर्जित किए, बल्कि जिलेभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्कूल को गौरवान्वित किया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

क्षमा अग्रवाल बनीं जिला टॉपर
जिंदल वर्ल्ड स्कूल की छात्रा क्षमा अग्रवाल ने 96.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर सक्ती जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वंश अग्रवाल ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया तथा सौम्या अग्रवाल ने 95 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की मेरिट सूची में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। यही कारण रहा कि जिले के टॉप-10 विद्यार्थियों में से 9 विद्यार्थी जिंदल वर्ल्ड स्कूल के रहे।
विद्यालय का परिणाम रहा उत्कृष्ट
विद्यालय के कुल 75 विद्यार्थियों में से 10 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए, जबकि 29 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का मिला परिणाम
विद्यालय के डायरेक्टर ऋषभ अग्रवाल ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया है। विद्यालय के शिक्षकों ने पूरे सत्र विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन, विषय विशेषज्ञता और परीक्षा की विशेष तैयारी कराई, जिसका परिणाम बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता के रूप में सामने आया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि जिंदल वर्ल्ड स्कूल भविष्य में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें सफलता के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।




