सांसद कमलेश जांगड़े की पहल से जरूरतमंदों को मिली राहत, कैंसर पीड़िता के इलाज और गरीब परिवार के बच्चे की शिक्षा को मिला सहारा

अरुण कुमार निराला/सक्ती। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद की अनुशंसा पर स्वीकृत मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान राशि कई जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बन रही है। कैंसर पीड़िता मंजूषा को इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिली है, वहीं रोजी-मजदूरी कर परिवार चलाने वाली महिला रेनू के बच्चे की शिक्षा के लिए भी यह अनुदान मददगार साबित हुआ है।
सांसद श्रीमती जांगड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान के लिए 393 पात्र व्यक्तियों की अनुशंसा भेजी गई थी, जिनमें से 293 लोगों को सहायता राशि स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों, दिव्यांगजनों, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों तक सहायता पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर लोगों की समस्याओं को जाना जा रहा है और उनका समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि शासन की योजनाओं और अनुदान का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका प्रमुख उद्देश्य है तथा भविष्य में भी अधिक से अधिक जरूरतमंदों को इस योजना का लाभ दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।
कैंसर पीड़िता मंजूषा के भाई अशोक ने बताया कि उनकी बहन लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है और उपचार में अब तक लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराना कठिन हो रहा था। ऐसे समय में मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से प्राप्त 40 हजार रुपये की सहायता उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हुई है।

अशोक ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहयोग से उनकी बहन के इलाज में मदद मिलेगी और परिवार को कठिन परिस्थितियों में संबल प्राप्त हुआ है।




