सक्ती जिला

ठठारी बनेगा नगर पंचायत, मुख्यमंत्री की घोषणाओं से ग्रामीणों में खुशी की लहर

सक्ती। जैजैपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत ठठारी अब जल्द ही नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त करने की ओर बढ़ रही है। 6 जून को ठठारी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को ठठारी को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है।


नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद ठठारी के ग्रामीणों को शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा गांव की पहचान एक विकसित नगरीय क्षेत्र के रूप में स्थापित होगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान ठठारी के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने गांव में एक नई बैंक शाखा खोलने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बैंकिंग सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अलावा धार्मिक आस्था के केंद्र चतुर्भुज मंदिर के समीप नए घाट निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की गई, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।


मुख्यमंत्री के आगमन को ग्रामीणों ने क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात बताया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि नगर पंचायत की घोषणा, बैंक शाखा और घाट निर्माण जैसी योजनाएं ठठारी के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है और लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में ठठारी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

Related Articles

Back to top button