अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 वाहन जब्त

सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं खनि अधिकारी के.के. बंजारे के मार्गदर्शन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जब्त किया है।
खनि निरीक्षक दुर्गेश कुमार धुव के नेतृत्व में गठित दल ने विगत दिवस ग्राम बिर्रा में अवैध ईंट परिवहन के दो प्रकरणों तथा ग्राम चन्द्रपुर में चूनापत्थर परिवहन के दो प्रकरणों में कार्रवाई की। जांच के दौरान कुल चार वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित थाना बिर्रा एवं चन्द्रपुर में रखा गया है।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने अवैध ईंट भट्ठा निर्माण एवं संचालन से जुड़े कई लोगों के विरुद्ध भी नोटिस जारी किए हैं। इनमें टेकलाल साहू, दिलीप कुमार साहू (ग्राम पुटीडीह), मोतीलाल प्रजापति, प्यारे लाल प्रजापति, किशोर प्रजापति (ग्राम तुलसीडीह), किशन भारद्वाज, इन्द्रजीत प्रजापति (छेवारीपाली) सहित अन्य अवैध ईंट निर्माणकर्ता शामिल हैं।
खनिज विभाग के अनुसार संबंधित प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम-2015 एवं खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम-1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में खनिज संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व हानि रोकने के उद्देश्य से खनिज अमला लगातार निगरानी एवं जांच अभियान संचालित कर रहा है।



