जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में चला विशेष स्वच्छता अभियान

हर गुरुवार होगी सफाई व्यवस्था की समीक्षा, मरीजों को मिलेगा स्वच्छ वातावरण
सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास टोपनो के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के समस्त शासकीय अस्पतालों में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अस्पताल परिसरों, वार्डों, ओपीडी, शौचालयों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की व्यापक साफ-सफाई की गई। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अभियान के दौरान अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने अस्पतालों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मरीजों एवं आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि अस्पतालों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह अभियान अब प्रत्येक गुरुवार को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा संक्रमण फैलने की संभावनाएं भी काफी हद तक कम होंगी।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूकता से अस्पतालों की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा मरीजों और उनके परिजनों को सकारात्मक एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सकेगा।




