सक्ती जिला

जिला चिकित्सालय में चला विशेष स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया श्रमदान


सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास टोपनो के निर्देशन में नगर पालिका परिषद सक्ती द्वारा स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार सुबह जिला चिकित्सालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे से प्रारंभ हुए इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
अभियान के दौरान जिला चिकित्सालय परिसर में व्यापक साफ-सफाई की गई तथा उपस्थित लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर नागरिकों से अपने घरों, मोहल्लों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं नगर पंचायत डभरा में भी अटल परिसर में स्वच्छता अभियान एवं स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित एक जन आंदोलन है। स्वस्थ समाज और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने शहर और गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, बालेश्वर राम एवं के.एस. पैंकरा, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, नगर पालिका परिषद सक्ती के सीएमओ प्रहलाद पांडे, रामनरेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सक्ती जिले में स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता लगातार बढ़ रही है तथा प्रशासन और आमजन मिलकर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास कर रहे हैं। :::

Related Articles

Back to top button