फगुरम और अण्डा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 18.1 लीटर महुआ शराब जब्त

सक्ती/मालखरौदा। कलेक्टर सक्ती के निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त मालखरौदा ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 18.1 लीटर महुआ शराब जब्त की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम फगुरम में संधी चौहान (44 वर्ष), पिता परदेशी राम अपने घर में महुआ शराब बनाकर संग्रहण एवं बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां आरोपी के मकान के आंगन में छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की पन्नियों एवं पाउचों में भरी 8.1 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
इसी क्रम में ग्राम अण्डा, थाना मालखरौदा में अश्वनी वारे (38 वर्ष), पिता सुखाऊ राम के मकान की बाड़ी में छिपाकर रखे गए दो प्लास्टिक जरीकेनों से 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। दोनों मामलों में आबकारी विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस अभियान के तहत कुल दो प्रकरण कायम किए गए तथा 18.1 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में आबकारी वृत्त मालखरौदा प्रभारी कोमल प्रसाद सिदार, आबकारी आरक्षक संजीव भगत, मुरलीधर नायक, महेश निषाद, तथा आबकारी स्टाफ कमलेश एवं भारती यादव का सराहनीय योगदान रहा।




