रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सक्ती पुलिस का सघन चेकिंग अभियान

संदिग्धों से पूछताछ कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सक्ती। जिले में कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सक्ती पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैंकरा, थाना प्रभारी सक्ती निरीक्षक लखन लाल पटेल एवं पुलिस स्टाफ ने अभियान की कमान संभाली।
रेलवे स्टेशन परिसर और संवेदनशील स्थानों की हुई जांच :-
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, रेलवे यार्ड, साइकिल स्टैंड, होटल, लॉज, प्रतीक्षालय सहित अन्य सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। स्टेशन एवं उसके आसपास घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सत्यापित की गई तथा आवश्यकतानुसार उनकी तलाशी भी ली गई।
होटल और लॉज संचालकों को दिए गए आवश्यक निर्देश :-
पुलिस टीम ने क्षेत्र के होटल एवं लॉज संचालकों को अपने यहां ठहरने वाले व्यक्तियों का पूरा विवरण एवं पहचान पत्र अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
यात्रियों को भी किया गया जागरूक :-
चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। यात्रियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
लगातार जारी रहेंगे ऐसे अभियान :-
सक्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में जनता की सहभागिता महत्वपूर्ण है।




