नहर किनारे गड्ढों में छिपा था महुआ शराब बनाने का जखीरा! आबकारी टीम ने दी दबिश, 1675 किलो लाहन नष्ट और 145 लीटर शराब जब्त

सक्ती के वार्ड नंबर-1 में छोटी नहर किनारे दबिश, 145 लीटर महुआ शराब बरामद; गड्ढों में छिपाकर रखी गई थीं लाहन की बोरियां और डिब्बे
सक्ती। हरेली पर्व के पूर्व अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। 11 अगस्त को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सक्ती के वार्ड नंबर-1 स्थित छोटी नहर किनारे दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन और तैयार महुआ शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान कुल 1675 किलो महुआ लाहन को नमूना लेने के बाद मौके पर ही नष्ट किया गया, जबकि विभिन्न बोतलों और डिब्बों में भरी 145 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
गड्ढों में छिपाकर रखा था महुआ लाहन
जानकारी के अनुसार अवैध महुआ शराब के निर्माण से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई के निर्देश के बाद आबकारी वृत्त सक्ती की टीम ने वार्ड नंबर-1 में छोटी नहर के किनारे छापेमारी की। तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर गड्ढों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में महुआ लाहन मिला।
आबकारी विभाग के मुताबिक मौके से 85 बोरियों में प्रत्येक में करीब 15 किलो तथा 20 प्लास्टिक डिब्बों में प्रत्येक में करीब 20 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। इसकी कुल मात्रा 1675 किलो बताई गई है। विभाग के अनुसार इस लाहन का इस्तेमाल महुआ शराब बनाने के लिए किया जाना था। आवश्यक नमूना लेने के बाद लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
145 लीटर तैयार महुआ शराब भी जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम को विभिन्न बोतलों और डिब्बों में रखी करीब 145 लीटर तैयार महुआ शराब भी मिली, जिसे आबकारी विभाग ने जब्त कर लिया। हरेली पर्व के ठीक पहले इतनी बड़ी मात्रा में लाहन और शराब मिलने से क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण के कारोबार पर विभाग की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संयुक्त टीम ने दी दबिश
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, श्रवण, शुभम तथा आबकारी स्टाफ परस और बसंती चौधरी का योगदान रहा।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध महुआ शराब बनाने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।




