टेमर में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

ग्राम पंचायत से लेकर स्कूलों तक शान से फहराया तिरंगा, मिडिल स्कूल में आयोजित मुख्य समारोह में अतिथियों का शॉल-श्रीफल से किया सम्मान
सक्ती। ग्राम पंचायत टेमर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। गांव के विभिन्न शासकीय संस्थानों और विद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी गई। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरपंच निजी कार्यालय, कन्या प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत भवन, इंदिरा नगर हाई स्कूल सहित विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। वहीं शासकीय मिडिल स्कूल टेमर में विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीण शामिल हुए।
रश्मि गभेल रहीं मुख्य अतिथि, चन्द्र कुमार सोनी ने की अध्यक्षता
शासकीय मिडिल स्कूल टेमर में आयोजित मुख्य समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती की अध्यक्ष रश्मि गभेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत टेमर के सरपंच चन्द्र कुमार सोनी ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में रथ राम पटेल, जनपद सभापति टंकेश्वर पटेल, राम शंकर देवांगन, राघव भार्गव, योगिता, घनश्याम पटेल, मंहरण लाल पटेल एवं बंशी पटेल उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत की ओर से सभी अतिथियों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा पांचवीं, आठवीं एवं दसवीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने माता-पिता, विद्यालय और गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्राम पंचायत के समस्त पंचों एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में आयोजित समारोह में बच्चों और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना।
अंत में सरपंच चन्द्र कुमार सोनी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, पंचों, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।




