मसनिया खुर्द सहकारी समिति में सांसद कमलेश जांगड़े ने किया ध्वजारोहण, किसान बंधुओं के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस

सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा—किसानों की समृद्धि से ही सशक्त होगा देश; अध्यक्ष रमेश गबेल और कुलदीप जायसवाल ने भी स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
सक्ती। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मसनिया खुर्द में उत्साह और देशभक्ति के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े की गरिमामयी उपस्थिति रही। समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं किसान बंधुओं की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और तिरंगे को सलामी दी गई।

किसान हमारे देश की शक्ति और समृद्धि का आधार : कमलेश जांगड़े
इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिनकी बदौलत हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान हमारे देश की शक्ति और समृद्धि का आधार हैं। गांव और किसान मजबूत होंगे तो देश भी मजबूत और आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
सहकारिता से किसानों को सशक्त बनाना हमारा उद्देश्य : रमेश गबेल
समिति अध्यक्ष रमेश गबेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और स्वाभिमान का पर्व है। आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति किसानों की संस्था है और सहकारिता के माध्यम से किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने समारोह में शामिल सभी अतिथियों और किसान बंधुओं का आभार व्यक्त किया।
आजादी के साथ हमारी जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं : कुलदीप जायसवाल
कुलदीप जायसवाल (जुड़गा) ने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान से मिली है। इसलिए आजादी का उत्सव मनाने के साथ हमें देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को भी याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारे, एकता और सहयोग की भावना से गांव, किसान और समाज को आगे बढ़ाना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जनप्रतिनिधियों और किसान बंधुओं की रही सहभागिता
समारोह में अमर सिंह जांगड़े, सरपंच जयंत जांगड़े, पूर्व सरपंच संजय पटेल, ईश्वरी भास्कर, महेश गबेल, कृष्ण कुमार गबेल, अशोक जांगड़े, छोटू पटेल, हेमलाल जायसवाल, धनी जायसवाल, विजय पटेल, छेदीलाल कंवर, गनपत पटेल, अशोक थवाईत, भुनेश्वर पटेल, चुनेश्वर पटेल, राजीव डनसेना, राजकुमार पटेल, खुशी उरांव, देव कुमार पटेल, रेशम कोटवार, लवकुश जायसवाल एवं जीवन साहू सहित बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।
समिति की ओर से समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं किसान बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि सभी की गरिमामयी उपस्थिति ही समिति का उत्साह और प्रेरणा है।




