सक्ती जिला

संस्कार पब्लिक स्कूल सक्ती में हर्षोल्लास के साथ मना 79वाँ स्वतंत्रता दिवस

सक्ती। 15 अगस्त 2025 को संस्कार पब्लिक स्कूल सक्ती में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के संस्थापक श्री द्वारिका नाथ स्वर्णकार, निदेशक श्री प्रकाशचंद अग्रवाल, महोदया श्रीमती रश्मि अग्रवाल, प्राचार्य श्री वी. के. मिश्रा तथा प्रधानाचार्या सुश्री रूपल उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। तिरंगे की शान में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एक स्वर में देशभक्ति का संदेश दिया। अतिथियों व प्राचार्य का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं बैज लगाकर किया गया तथा पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात् सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आरंभ हुआ।

विद्यालय प्राचार्य श्री वी. के. मिश्रा ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सदैव देश सेवा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। “हिन्दुस्तानी नाम हमारा है, सबसे प्यारा देश हमारा है” गीत पर नन्हें बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने उपस्थित जनों को झूमने पर विवश कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन छात्राएँ महक कैवर्त एवं निकिता पटेल ने शिक्षक कोमल कुमार पटेल के मार्गदर्शन में किया। अंत में छात्र भुनेश राठौर ने सभी अतिथियों, प्राचार्य, प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

समारोह का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ और इसके पश्चात प्रसाद वितरण कर सभी को देशभक्ति एवं एकता का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button