सक्ती जिला

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने साहू समाज भवन निर्माण के लिए 50 डिसमिल भूमि और 50 लाख रुपए की घोषणा की

सक्ती। नगर आगमन के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को जिला साहू संघ सक्ती द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होकर समाजजनों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने साहू समाज भवन निर्माण हेतु 50 डिसमिल जमीन और 50 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में मंच से पूर्व विधायक एवं जिला साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. खिलावन साहू ने समाज के उत्थान हेतु भवन निर्माण की आवश्यकता पर मांग रखी। उनकी मांग पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तुरंत सकारात्मक घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि “साहू समाज ने शिक्षा, संगठन और सेवा के क्षेत्र में जो मिसाल कायम की है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है। समाज की नई पीढ़ी शिक्षा और संस्कार के माध्यम से प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। सरकार समाज के हर रचनात्मक कार्य में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।”

घोषणा के पश्चात जिलाध्यक्ष डॉ. खिलावन साहू ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह घोषणा समाज के लिए ऐतिहासिक है। वर्षों से लंबित यह मांग आज पूरी हुई है। समाज इस सहयोग का सदुपयोग करते हुए शिक्षा, संस्कार और संगठन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयाँ प्राप्त करेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “साहू समाज सदैव समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी रहा है। सरकार द्वारा दिया गया यह सहयोग आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा।”

डॉ. खिलावन साहू का रहा उल्लेखनीय योगदान –

अविभाजित जांजगीर-चांपा जिले में जिलाध्यक्ष के रूप में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान डॉ. खिलावन साहू की प्रेरणा से 34 सामुदायिक भवनों एवं भक्त माता कर्मा मंदिरों का निर्माण कराया गया।
अपने विधायक कार्यकाल में उन्होंने सक्ती विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न समाजों सहित साहू समाज हेतु 6 स्थानों पर 10-10 लाख रुपए की लागत से भक्त माता कर्मा सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया। भारतीय जनता पार्टी की डॉ. रमन सिंह सरकार में डॉ. साहू उन विधायकों में शामिल रहे जिन्होंने सक्ती विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक विकास कार्य कराए। इसीलिए आज भी सक्ती विधानसभा एवं जिले की जनता उन्हें “विकास पुरुष” के नाम से जानती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button