“तालाब में तब्दील सड़क, खतरे में हर सफर – जिम्मेदार विभाग मौन”

अरूण निराला संवाददाता-सक्ती/बिर्रा — बसंतपुर से किकिरदा और करही होते हुए घोघरी, डभरा एवं चंद्रपुर तक का मुख्य मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। जगह-जगह बड़े-बड़े तालाब नुमा गड्ढों के कारण वाहन चालक और ग्रामीण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रोजाना इस मार्ग से हजारों छोटे-छोटे और भारी वाहन गुजरते हैं। भारी वाहनों के चलते मार्ग में बने गड्ढे दिन-ब-दिन और खतरनाक होते जा रहे हैं। कई बार मोटरसाइकिल सवार इन जानलेवा गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं, जिन्हें स्थानीय ग्रामीण अस्पताल पहुंचाते हैं।
बसंतपुर से बस स्टैंड चौक के पास किकिरदा में ग्रामीणों ने खुद मिट्टी से मेढ़ बना कर पानी को रोकने की कोशिश की है। इसके कारण सड़क में पानी की मात्रा इतनी बढ़ गई है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो सड़क के बीच में ही महानदी बह रही हो।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग उप संभाग चांपा, संभाग बिलासपुर के अधिकारी और कर्मचारी समय रहते इस मार्ग की मरम्मत नहीं कराते हैं, तो गंभीर सड़क हादसों का खतरा बना रहेगा। अब तक भी कई वाहन चालक इस मार्ग में बने गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं।
स्थानीय निवासियों ने कलेक्टर महोदय से तत्काल इस मुख्य मार्ग की दशा सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि विभाग के अधिकारी कार्यालय में बैठे रहकर इस खतरनाक स्थिति पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जबकि सड़क पर रोजाना लोगों का जीवन जोखिम में है।




