‘JoinBJYM2026’ अभियान से अधिकाधिक युवा जुड़ें : हर्ष देवांगन

सक्ती। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला मंत्री एवं युवा समाजसेवी हर्ष देवांगन ने जिले के युवाओं से ‘JoinBJYM2026’ अभियान से जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय जनता युवा मोर्चा से जोड़ना तथा संगठन की विचारधारा, कार्यक्रमों और जनहितकारी योजनाओं को बूथ स्तर से लेकर प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है।

हर्ष देवांगन ने बताया कि सक्ती जिले में भाजयुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी से संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा समाज और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार विकास एवं जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर हर्ष देवांगन ने बताया कि संगठन द्वारा उन्हें भाजयुमो सिवनी मंडल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने इस नए दायित्व के लिए संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे तथा मंडल स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।




