सक्ती जिला

नवीन उपजेल सक्ती का निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सक्ती। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा श्री Jaideep Garg के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री Shubhda Goyal ने नवीन उपजेल सक्ती का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं एवं उनके संवैधानिक तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। सुश्री गोयल ने कहा कि प्रत्येक बंदी को न्यायिक प्रक्रिया के दौरान विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार है और इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण निरंतर कार्य कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के लिए शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएं तथा व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाया जाए।
इस अवसर पर सहायक जेल अधीक्षक श्री ब्रिजेश साहू, जेल स्टाफ, न्यायालय कर्मचारी एवं पैरालीगल वालेंटियर उपस्थित रहे। निरीक्षण शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button